अमृतसर पुलिस ने एक बड़े अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए 4 तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10 पिस्तौल, 9 जिंदा कारतूस और 2 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। डीजीपी गौरव यादव के अनुसार, पकड़े गए तस्करों में रवि सिंह, शरणबीर सिंह, मनप्रीत सिंह और पिप्पल सिंह शामिल हैं। ये आरोपी विदेश में बैठे एक तस्कर के इशारे पर पाकिस्तान सीमा से हथियारों की खेप लाकर पंजाब के विभिन्न आपराधिक गिरोहों तक पहुंचाते थे। बरामद हथियारों में चीन निर्मित पिस्तौल, ऑस्ट्रिया की 9 एमएम ग्लॉक पिस्तौल और 30 बोर के पिस्तौल शामिल हैं। जांच में सामने आया है कि इन हथियारों का इस्तेमाल पंजाब में टारगेट किलिंग के लिए किया जाना था। पुलिस अब इस नेटवर्क के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की गहन जांच कर रही है ताकि अन्य साजिशकर्ताओं को भी पकड़ा जा सके।
Source: Source