हरियाणा के करनाल जिले में एक डॉक्टर ने कथित तौर पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें तीन लोगों पर मानसिक और आर्थिक प्रताड़ना के आरोप लगाए गए हैं। मृतक की पहचान 52 वर्षीय महिपाल राणा के रूप में हुई है, जो गांव रत्तक में क्लिनिक चलाते थे। सुसाइड नोट में उन्होंने आरोप लगाया कि उनसे 7 लाख रुपये की मांग की जा रही थी और लगातार दबाव बनाया जा रहा था। उन्होंने यह भी लिखा कि जिस युवक के इलाज को लेकर विवाद था, उसे उन्होंने नशे का इंजेक्शन नहीं लगाया था। डॉक्टर ने अपने परिवार से माफी मांगते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की अपील की। पुलिस ने परिजनों के बयान और सुसाइड नोट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source: Source