रेवाड़ी में साइबर ठगों ने एक सरकारी अधिकारी को निशाना बनाकर 4,03,752 रुपये की ठगी कर ली। अधिकारी ने अपने एसी की सर्विस के लिए गूगल पर संपर्क तलाशा था। इसके कुछ समय बाद उनके व्हाट्सएप पर एक APK फाइल भेजी गई। फाइल भेजने वाले ने व्हाट्सएप कॉल कर उसे खोलने और प्रक्रिया पूरी करने का तरीका बताया। अधिकारी ने बताए गए निर्देशों के अनुसार फाइल में अपनी जानकारी भर दी। ठगों ने दावा किया कि इससे एसी सर्विस की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। तीन दिन बाद अधिकारी के मोबाइल पर लगातार सात ट्रांजेक्शन के मैसेज आए। अलग-अलग किस्तों में खाते से कुल 4,03,752 रुपये निकाल लिए गए। बैंक खाते से रकम कटने का पता चलते ही पीड़ित ने राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद साइबर थाना पुलिस को भी मामले की सूचना दी गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में APK फाइल के जरिए मोबाइल तक अनधिकृत पहुंच बनाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस लोगों से अपील कर रही है कि गूगल पर मिले अनजान नंबरों और संदिग्ध फाइलों पर भरोसा न करें तथा किसी भी APK फाइल को डाउनलोड या इंस्टॉल करने से बचें।
Source: Source