गुरुग्राम के मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन के पास एक यात्री ने सिटी बस के सामने खड़े होकर हंगामा किया। यात्री की मांग थी कि ट्रैफिक सिग्नल पर ही बस का गेट खोलकर उसे चढ़ने दिया जाए। बस चालक ने सुरक्षा नियमों का हवाला देते हुए गेट खोलने से इनकार कर दिया। इसके बाद यात्री बस के सामने खड़ा हो गया और बस को आगे बढ़ने से रोकने लगा। दोनों के बीच काफी देर तक तीखी बहस होती रही। घटना के कारण चौराहे पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। चालक का कहना था कि मुख्य सड़क या ट्रैफिक सिग्नल पर गेट खोलना दुर्घटना का कारण बन सकता है। उसने यात्री को निर्धारित बस स्टॉप से बस में चढ़ने की सलाह दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया। काफी समझाइश के बाद यात्री को बस स्टैंड से बस पकड़ने के लिए भेजा गया और यातायात सामान्य कराया गया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो पर अधिकांश लोगों ने नियमों का पालन करने के लिए बस चालक की सराहना की है। वहीं बीच सड़क पर हंगामा कर ट्रैफिक बाधित करने के लिए यात्री की आलोचना की जा रही है।
Source: Source