हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले के अटेली थाना क्षेत्र में एक सड़क हादसे में एक युवक की जान चली गई। मृतक की पहचान गांव हमीदपुर निवासी रमेश सिंह के रूप में हुई है। वह अपनी बहन के घर आया हुआ था और कुछ सामान लेने के लिए सड़क पर निकला था। होटल सांवरिया सेठ के पास एनएच-11 पर एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में सिर में गंभीर चोट लगने के कारण रमेश सिंह की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की डायल-112 टीम मौके पर पहुंची। शुरुआत में मृतक की पहचान नहीं हो पाई थी, जिसके बाद शव को नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया। मृतक के भाई राकेश कुमार को उसके भांजे दिलबाग सिंह ने हादसे की जानकारी दी। अस्पताल पहुंचने पर परिजनों ने शव की पहचान की। पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपी वाहन चालक की तलाश कर रही है। इलाके में इस दुर्घटना के बाद से शोक का माहौल है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
Source: Source