मोहाली के खरड़ शहर में गुरुवार सुबह मुख्यमंत्री भगवंत मान के खिलाफ लगाए गए विवादित पोस्टरों ने राजनीतिक गलियारों और स्थानीय प्रशासन में हड़कंप मचा दिया। चंडीगढ़-खरड़ फ्लाईओवर और बस स्टैंड समेत करीब 3 किलोमीटर के दायरे में लगे इन पोस्टरों में मुख्यमंत्री की तस्वीर पर क्रॉस का निशान बना था और उन्हें ‘गुरु दोषी’ और ‘खालसा पंथ विरोधी’ बताया गया था। सूचना मिलते ही खरड़ के डीएसपी इशान सिंगला की अगुवाई में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर सभी पोस्टरों को तुरंत हटवाया। प्रशासन ने इन पोस्टरों की सामग्री को निराधार बताते हुए मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि रात के अंधेरे में पोस्टर लगाने वाले अज्ञात लोगों की पहचान की जा सके। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की भड़काऊ गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वर्तमान में क्षेत्र में स्थिति पूरी तरह सामान्य है।
Source: Source