भिवानी में लंबे समय से किराए पर दुकानें चला रहे परिवारों ने प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। दिनोद गेट स्थित टिबड़ेवाल सभागार के सामने संयुक्त संघर्ष समिति के नेतृत्व में लोगों ने धरना दिया और प्रशासन का पुतला फूंका। प्रदर्शन में सामाजिक, किसान, कर्मचारी, व्यापारी और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए। दुकानदारों का दावा है कि वे पिछले 65 वर्षों से इन दुकानों में रह रहे और कारोबार कर रहे हैं। उनका आरोप है कि 16 जून को पुलिस बल और कुछ लोगों ने उन्हें दुकानें खाली करने के लिए दबाव बनाया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि उनसे कोई वैध आदेश, अदालत का दस्तावेज या शिकायत की प्रति साझा नहीं की गई। उन्होंने इस कार्रवाई को मनमाना और दबावपूर्ण बताया। दुकानदारों ने बताया कि उन्होंने मामले की शिकायत पुलिस चौकी में भी दी थी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। धरने में वक्ताओं ने कहा कि यह केवल कुछ परिवारों का नहीं बल्कि न्याय और अधिकारों की रक्षा का मुद्दा है। उन्होंने प्रशासन पर प्रभावशाली लोगों के दबाव में काम करने का आरोप लगाया। संयुक्त संघर्ष समिति ने निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई की मांग की है। समिति ने चेतावनी दी कि यदि शिकायत पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। इसके लिए शहर स्तर पर बड़े प्रदर्शन और जनआंदोलन की तैयारी करने की घोषणा भी की गई है।
Source: Source