श्री अमरनाथ यात्रा 2026 के लिए श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। इस वर्ष की यात्रा 3 जुलाई से 28 अगस्त तक प्रस्तावित है। इस यात्रा के दौरान जालंधर स्थित ‘श्री अमरनाथ जी बी ट्रस्ट’ (न्यू सब्जी मंडी, मकसूदां) द्वारा बालटाल में अपना 27वां भंडारा आयोजित किया जा रहा है। संस्था ने वैदिक मंत्रोच्चारण और हवन-यज्ञ के बाद राशन से भरे 3 ट्रकों और 45 सेवादारों के जत्थे को बालटाल के लिए रवाना किया है। भंडारे में यात्रियों के लिए भोजन, नाश्ता, चाय और ठहरने की व्यापक व्यवस्था की जाएगी। संस्था के पदाधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान अपने साथ केवल आवश्यक और हल्का सामान ही रखें, जिसमें बरसाती शामिल हो। यह पहल श्रद्धालुओं को सुगम और आरामदायक यात्रा अनुभव प्रदान करने के उद्देश्य से की गई है।
Source: Source