मनाली के प्रसिद्ध मॉल रोड पर पर्यटकों के दो गुटों के बीच हाथापाई और लात-घूंसे चलने का मामला सामने आया है। मारपीट का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना रात के समय हुई, जब वहां कोई पुलिसकर्मी तैनात नहीं था। व्यापार मंडल मनाली के अध्यक्ष संजीव ठाकुर ने मॉल रोड पर नशे में हुड़दंगबाजी और अनैतिक गतिविधियों पर चिंता जताते हुए प्रशासन से सुरक्षा और पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। हालांकि, मनाली पुलिस थाना में अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई आधिकारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है, लेकिन थाना प्रभारी मुनीश शर्मा ने वायरल वीडियो का स्वतः संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर शांति भंग करने और हुड़दंग मचाने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source: Source