पलवल सीआईए और दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक बड़े इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के कांतीखेड़ा गांव निवासी सुनील के रूप में हुई है। उस पर दिल्ली के कापसहेड़ा इलाके में लाखों रुपये की चांदी लूटने का आरोप है। इस मामले में कापसहेड़ा थाने में पहले से केस दर्ज था। गिरफ्तारी न होने पर दिल्ली पुलिस ने आरोपी पर 1 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। पुलिस ने गुप्त सूचना और तकनीकी इनपुट के आधार पर कार्रवाई की। यह अभियान पलवल सीआईए प्रभारी रविंद्र कुमार के नेतृत्व में चलाया गया। टीम में कई पुलिसकर्मी शामिल थे जिन्होंने दिल्ली स्पेशल सेल के साथ मिलकर काम किया। आरोपी को पलवल क्षेत्र से दबोचा गया और आगे की कार्रवाई के लिए दिल्ली पुलिस को सौंप दिया गया है। एसपी नीतीश अग्रवाल ने इस संयुक्त ऑपरेशन की सराहना की है। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती इलाकों में अपराधियों पर सख्त नजर रखी जा रही है। भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।
Source: Source