सिरसा में ट्रक की चेसी में छिपाकर लाई जा रही करीब 4.5 करोड़ रुपये मूल्य की अफीम तस्करी के मामले में पुलिस विभाग में बड़ी कार्रवाई की गई है। जांच के दौरान सामने आया कि इस मामले में शामिल एएसआई रणबीर सिंह सेकेंड आईओ के रूप में तैनात था और उस पर अफीम में हेराफेरी का आरोप है। इसके बाद डीएसपी राज सिंह का सिरसा से नूंह ट्रांसफर कर दिया गया है, जबकि थाना प्रभारी इंस्पेक्टर देवेंद्र कुमार को सस्पेंड कर दिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए अन्य पुलिसकर्मियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। एंटी नारकोटिक्स ब्यूरो इस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है। जांच में यह भी सामने आया है कि जब कोर्ट में अफीम का वजन किया गया तो उसमें कमी पाई गई, जिससे शक और गहरा गया। लगभग 90 किलो अफीम में से करीब 1 किलो 30 ग्राम कम पाया गया है। इस मामले में गिरफ्तार एएसआई को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। अफीम की तस्करी पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी से राजस्थान के जोधपुर तक की जा रही थी। पुलिस ने पहले ही ट्रक ड्राइवर, मालिक और सप्लायर को गिरफ्तार कर लिया था। एनएच-9 पर नाकेबंदी के दौरान ट्रक से गुप्त बॉक्स में छिपाई गई अफीम बरामद की गई थी। मामले की जांच अभी जारी है और कई और खुलासे होने की संभावना है।
Source: Source