छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में उधारी की रकम वसूलने के बहाने तीन बदमाशों ने एक कोयला ट्रांसपोर्टर के घर में घुसकर जानलेवा हमला किया। आरोपियों ने पीड़ित से 10 लाख रुपये की मांग की और विरोध करने पर उनके साथ डंडे और मुक्कों से मारपीट की। पीड़ित कमलेश सिंह ने कोतवाली थाने में मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी कपिल सोलंकी और उसके दो साथियों, मनीष परियानी और गिरीश माखीजा को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया कि ये तीनों आरोपी आदतन अपराधी हैं और इनके खिलाफ पहले से ही हत्या के प्रयास, लूट, आर्म्स एक्ट और मारपीट जैसे कई गंभीर मामले दर्ज हैं। कपिल सोलंकी एक निगरानी गुंडा बदमाश है, जबकि मनीष परियानी पर जिला बदर की कार्रवाई भी हो चुकी है। आरोपियों ने पुलिस पूछताछ में अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है, जिसके बाद उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। रायगढ़ के एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट किया है कि अवैध वसूली और गुंडागर्दी करने वालों को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी ऐसी सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
Source: Source