लुधियाना पुलिस ने कारोबारियों को धमकाने वाले कुख्यात नमित गैंग का भंडाफोड़ किया है। यूरोप में बैठा गैंगस्टर नमित शर्मा शहर में अपना गिरोह संचालित कर रहा था। आरोपी कारोबारियों को धमकाकर और उन पर फायरिंग कर रंगदारी वसूलते थे। पुलिस ने नमित शर्मा सहित कई अन्य सहयोगियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। गिरोह का सरगना नमित शर्मा मूल रूप से लुधियाना के श्याम नगर का रहने वाला है। नमित पर पहले से सात से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। यह गैंग पंजाब के विभिन्न हिस्सों में कारोबारियों को अपना निशाना बनाता था। जांच में सामने आया है कि ये लोग अवैध हथियारों और हेरोइन की तस्करी में भी शामिल थे। आरोपी सीमावर्ती इलाकों से नशीले पदार्थ और हथियार मंगवाकर पंजाब में सप्लाई करते थे। गैंग एक बड़े कारोबारी को निशाना बनाने की योजना बना रहा था। पुलिस ने खुफिया सूचना के आधार पर समय रहते बड़ी वारदात को टाल दिया है। आरोपियों के खिलाफ संगठित अपराध, जबरन वसूली और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अभी सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
Source: Source