शिमला के संजौली स्थित सरस्वती पैराडाइज इंटरनेशनल स्कूल की संचालिका मनीषा मित्तल की हाल ही में दो नकाबपोश हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। मनीषा मर्डर से एक सप्ताह पहले ही रेवाड़ी आई थीं, जहां उन्होंने अपने पति के साथ चल रहे भरण-पोषण के केस के सिलसिले में वकील से मुलाकात की थी। सूत्रों के अनुसार, मनीषा अपने भाई हिमांक मित्तल के साथ चल रहे प्रॉपर्टी विवाद को लेकर काफी परेशान थीं। मनीषा और डॉ. सुभाष ने 18 साल पहले लव मैरिज की थी, जिसे लेकर उनका परिवार शुरू में काफी नाराज था। कोरोना काल में माता-पिता की मृत्यु के बाद भाई हिमांक ने स्कूलों का नियंत्रण अपने हाथ में ले लिया, जिसके बाद मनीषा ने अपनी संपत्ति के हक के लिए कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। कोर्ट के आदेश पर ही मनीषा को शिमला वाले स्कूल में एंट्री मिली थी। महेंद्रगढ़ के रहने वाले पति डॉ. सुभाष के साथ भी मनीषा के संबंध पिछले दो वर्षों से तनावपूर्ण थे और मामला कानूनी प्रक्रिया में था। मनीषा की 17 वर्षीय बेटी भी उन्हीं के साथ रह रही थी। घटना के दिन जब मनीषा स्कूल पहुंची, तो घात लगाकर बैठे हमलावरों ने उन पर फायरिंग कर दी। पुलिस इस हत्याकांड को मुख्य रूप से प्रॉपर्टी विवाद और पारिवारिक कलह के एंगल से देख रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच जारी है और हमलावरों की तलाश की जा रही है।
Source: Source