रेलवे ने अमृतसर और श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस के संशोधित शेड्यूल की घोषणा कर दी है। इस ट्रेन का संचालन 16 जून से अमृतसर से और 17 जून से कटड़ा से शुरू होगा। रूट में बड़े बदलाव के तहत अब यह ट्रेन पठानकोट कैंट की बजाय पठानकोट सिटी, गुरदासपुर, छीना और बटाला होकर चलेगी। इससे सीमावर्ती जिलों के यात्रियों को सीधे वंदे भारत की सुविधा मिलेगी और उन्हें जम्मू या कैंट तक जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। 8 कोच वाली यह आधुनिक ट्रेन सप्ताह में 6 दिन चलेगी, जबकि शनिवार को इसका संचालन नहीं होगा। नई समय-सारिणी के अनुसार, कटड़ा से ट्रेन सुबह 6:40 बजे चलकर दोपहर 12:20 बजे अमृतसर पहुंचेगी। वापसी में अमृतसर से यह शाम 4:25 बजे रवाना होकर रात 10 बजे कटड़ा पहुंचेगी। इस सेवा से अमृतसर के स्वर्ण मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को वैष्णो देवी तक सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, यह कदम पंजाब और जम्मू-कश्मीर के बीच व्यापार, पर्यटन और धार्मिक गतिविधियों को बढ़ावा देगा। यात्री अपनी यात्रा की योजना रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट, IRCTC ऐप या 139 हेल्पलाइन के माध्यम से बना सकते हैं। यह बदलाव क्षेत्र के निवासियों के लिए एक बड़ी सौगात है, जो यात्रा समय में भी महत्वपूर्ण बचत करेगा।
Source: Source