जालंधर के साईं दास स्कूल ग्राउंड में आज (13 जून) ‘एक शाम भगवान शिव के नाम’ नामक एक भव्य धार्मिक समागम का आयोजन किया गया है। इस कार्यक्रम में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल मुख्य रूप से शामिल होंगे। प्रसिद्ध धार्मिक गायक हंसराज रघुवंशी अपने भजनों के माध्यम से श्रद्धालुओं को भक्तिमय माहौल में सराबोर करेंगे। यह आयोजन शहर में पहली बार इतने बड़े स्तर पर हो रहा है, जिसमें हजारों भक्तों के शामिल होने की उम्मीद है। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में भाईचारे, शांति और धार्मिक एकता को बढ़ावा देना है। आयोजन के लिए जिला प्रशासन और सरकार द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी जरूरी प्रबंध किए गए हैं। आयोजन समिति के अनुसार, यह कार्यक्रम मुख्य रूप से स्थानीय मंदिर कमेटियों और संत-महंतों की पहल है, जिसे सरकार का पूरा समर्थन प्राप्त है। शाम 6:30 बजे शुरू होने वाले इस समागम में जालंधर के अलावा आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। विभिन्न प्रशासनिक अधिकारी और प्रमुख नेता भी इस कार्यक्रम में अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे। यह आयोजन पंजाब की सांस्कृतिक और धार्मिक परंपराओं को और अधिक मजबूती प्रदान करेगा।
Source: Source