पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान आज दिल्ली में नीति आयोग की 11वीं गवर्निंग काउंसिल बैठक में शामिल होंगे। इस बैठक में वे राज्य से जुड़े कई अहम मुद्दों को केंद्र के सामने रखेंगे। मुख्यमंत्री शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग, रोजगार और कौशल विकास जैसे क्षेत्रों में पंजाब सरकार की उपलब्धियों को भी प्रस्तुत करेंगे। वे राज्य में बनाए गए रोजगार के आंकड़े और विभिन्न सुधारात्मक नीतियों की जानकारी साझा करेंगे। इसके साथ ही औद्योगिक विकास को गति देने के लिए अपनाई गई सरल प्रक्रियाओं और योजनाओं पर भी चर्चा की जाएगी। बैठक में आम आदमी क्लीनिकों की कार्यप्रणाली और स्वास्थ्य सेवाओं में हुए सुधारों का भी उल्लेख किया जाएगा। मुख्यमंत्री केंद्र से रुके हुए फंड और राज्य के विकास के लिए विशेष पैकेज की मांग उठा सकते हैं। पंजाब सरकार सीमा क्षेत्र की चुनौतियों और नशे की समस्या से निपटने के लिए चलाए जा रहे अभियान की जानकारी भी देगी। ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ अभियान के परिणाम भी बैठक में साझा किए जा सकते हैं। यह बैठक राज्यों और केंद्र के बीच समन्वय बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही है। मुख्यमंत्री मान राज्य के विकास से जुड़े मुद्दों पर सहयोग की अपेक्षा जताएंगे।
Source: Source