हरियाणा के फतेहाबाद शहर के भट्टू रोड पर हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत के मामले में पुलिस ने स्कूटी सवार के खिलाफ केस दर्ज किया है। यह कार्रवाई मृतक के चाचा के बयान के आधार पर की गई है। जानकारी के अनुसार, 18 वर्षीय रोहित अपने चाचा को लेने के लिए बाइक से भट्टू रोड की ओर गया था। जब वह सिवाच अस्पताल के पास पहुंचा, तभी एक स्कूटी सवार ने अचानक बिना देखे सड़क के कट पर यू-टर्न ले लिया। इसी दौरान सामने से आ रही बाइक से उसकी टक्कर हो गई। टक्कर लगते ही रोहित सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों और परिजनों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे हिसार रेफर किया गया। इलाज के दौरान 9 जून को उसकी मौत हो गई। परिजनों के अनुसार, हादसे के समय स्कूटी सवार की पहचान नहीं हो पाई थी, लेकिन स्कूटी का नंबर नोट कर लिया गया था। पुलिस ने शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी स्कूटी सवार की तलाश की जा रही है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसकी जांच पुलिस कर रही है।
Source: Source