हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले के नांगल चौधरी कस्बे में स्थित पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की शाखा से चोरी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां बैंक में पैसे निकालने आए एक बुजुर्ग ग्राहक की जेब से एक शातिर चोर ने बड़ी ही सफाई से 50 हजार रुपए की नकदी उड़ा ली। पीड़ित की पहचान गांव अकबरपुर निवासी रूपचंद (पुत्र नेतराम) के रूप में हुई है। रूपचंद सुबह करीब 11 बजे अपनी बैंक शाखा से कुल 69 हजार रुपए की नकदी निकलवाई थी। उन्होंने 50 हजार रुपए की एक गड्डी बनाकर अपनी जेब में रख ली और बाकी बचे 19 हजार रुपए जेब में डालने लगे। इसी व्यस्तता का फायदा उठाकर वहां मौजूद एक अज्ञात जेबकतरे ने उनकी जेब में हाथ साफ कर दिया।
जब रूपचंद को जेब कटने का अहसास हुआ, तो उन्होंने तुरंत बैंक प्रबंधन को सूचित किया। इसके बाद जब बैंक परिसर में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाली गई, तो उसमें एक संदिग्ध व्यक्ति रूपचंद की जेब में हाथ डालकर पैसे निकालते हुए साफ तौर पर दिखाई दिया। पीड़ित ने तुरंत इसकी लिखित शिकायत स्थानीय पुलिस को दी और अपनी गाढ़ी कमाई वापस दिलाने व आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। नांगल चौधरी थाना पुलिस ने शिकायत और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303 के तहत अज्ञात चोर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और उसकी सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है।
Source: Source