दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट (NEET) पेपर लीक और भर्ती परीक्षाओं में हो रही धांधली के विरोध में ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) ने शनिवार को 5 घंटे तक जोरदार प्रदर्शन किया। इस राष्ट्रव्यापी विरोध प्रदर्शन में देश के विभिन्न हिस्सों से भारी संख्या में युवा और छात्र शामिल हुए, जिसमें हरियाणा के सोनीपत से भी युवाओं का एक बड़ा दल नारेबाजी करते हुए दिल्ली पहुंचा। आंदोलन का नेतृत्व कर रहे पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की पुरजोर मांग उठाई है। उन्होंने सरकार को चेतावनी देते हुए 5 दिन का अल्टीमेटम दिया है कि यदि शिक्षा मंत्री अपने पद से इस्तीफा नहीं देते हैं, तो आगामी शनिवार यानी 13 जून को जंतर-मंतर पर इससे भी बड़ा आंदोलन और दोबारा प्रदर्शन किया जाएगा। सोनीपत दल का नेतृत्व कर रहे विमल किशोर ने कहा कि दिन-रात मेहनत करने वाले लाखों अभ्यर्थियों का भविष्य बार-बार होने वाले पेपर लीक और भर्ती प्रक्रियाओं में देरी के कारण अंधकार में लटक गया है। युवाओं ने सरकार पर लचर व्यवस्था और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए परीक्षा प्रणाली में पूरी पारदर्शिता लाने, कड़ा कानून बनाने और जवाबदेही तय करने की मांग की है। इस बड़े प्रदर्शन के मद्देनजर दिल्ली पुलिस बेहद सतर्क रही; कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इंदिरा गांधी एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों और दिल्ली के सभी बॉर्डर पॉइंट्स पर 1000 से अधिक पुलिस जवानों को तैनात किया गया था।
Source: Source