फतेहाबाद से पंजाब के संगरूर लौट रहे दो युवकों की बाइक को कार ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद पुलिस ने आरोपी कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। कार करनाल आरटीए कार्यालय में पंजीकृत बताई गई है। वाहन नंबर के आधार पर चालक की पहचान और तलाश की जा रही है। दुर्घटना में बाइक सवार दोनों युवक घायल हो गए थे। इनमें से एक युवक की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है। घायल अर्शदीप सिंह ने पुलिस को बताया कि वह अपने दोस्त आकाशदीप के साथ क्रिकेट खेलने के बाद गांव लौट रहा था। घटना बुढलाडा रोड पर घग्गर पुल के आगे कमाना मोड़ के पास हुई। आरोप है कि कार चालक सामने चल रहे वाहन को ओवरटेक कर रहा था। इसी दौरान उसने बाइक को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों युवक सड़क किनारे गिर पड़े। आकाशदीप को गंभीर चोटें आईं, जबकि अर्शदीप को मामूली चोट लगी। दोनों को पहले रतिया के सिविल अस्पताल ले जाया गया। बाद में आकाशदीप को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया और वर्तमान में उसका उपचार बठिंडा के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी चालक की तलाश जारी है।
Source: Source