झज्जर जिले के कोयलपुर गांव में मंगलवार सुबह मर्चेंट नेवी में कार्यरत 21 वर्षीय विवेक का शव गांव के खेतों में पड़ा मिला। वह कुछ दिन पहले अवकाश पर घर आया था और अगले सप्ताह ड्यूटी पर लौटने वाला था। कल शाम वह सैर के लिए घर से निकला था, लेकिन लौटकर नहीं आया। परिजनों ने तलाश शुरू की तो आज उसका शव खेतों में देखा। परिवार के अनुसार विवेक पिछले दो साल से मर्चेंट नेवी में था और पिछले कई दिनों से बीमार चल रहा था, जिसका इलाज चल रहा था। वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट गया है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेज दिया। मातनहेल चौकी इंचार्ज मुकेश कुमार ने बताया कि मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद चलेगा। ग्रामीणों ने निष्पक्ष जांच की मांग की है।
Source: Source