जींद जिले के लुदाना गांव में मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। गाली-गलौज करने से रोकने पर कुछ युवकों ने घर में घुसकर दो सगे भाइयों पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपियों ने तेजधार हथियार से दोनों भाइयों के पेट पर वार किए। गंभीर रूप से घायल दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद रोहतक पीजीआई रेफर किया गया। घटना के बाद हमलावर जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। शिकायत के अनुसार, विवाद की शुरुआत तब हुई जब एक युवक ने घर के सामने गाली-गलौज कर रहे लड़कों को वहां से जाने के लिए कहा। रात में आरोपी दोबारा उनके घर पहुंचे और बहस शुरू कर दी। बीच-बचाव करने आए परिवार के सदस्यों पर भी हमला किया गया। पीड़ितों का आरोप है कि हमलावर पहले से हथियार छिपाकर लाए थे। माफी मांगने के बावजूद आरोपियों ने हमला नहीं रोका। दोनों भाइयों को लहूलुहान हालत में छोड़कर आरोपी फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस ने घायलों के बयान दर्ज किए। पुलिस ने गांव के चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
Source: Source