पानीपत पुलिस की एंटी नारकोटिक्स सेल ने समालखा में नाकाबंदी कर अवैध हथियार तस्करी के दो शातिर युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 2 देसी पिस्टल, 1 देसी पिस्तौल और 15 जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। गिरफ्तार युवकों की पहचान चुलकाना गांव निवासी देव और प्रशांत उर्फ टिंकू के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में उन्होंने बताया कि 15 दिन पहले उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से 1.40 लाख रुपये में हथियार खरीदे थे। दोनों आरोपी एक बाइक पर सवार थे और खोजकीपुर की ओर जा रहे थे। पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिलने के बाद पुराना थाना के पास नाकाबंदी कर दी गई। पुलिस को देखते ही आरोपियों ने भागने की कोशिश की, लेकिन उन्हें दबोच लिया गया। एक आरोपी के बैग से हथियार और कारतूस मिले, जबकि दूसरे की जींस से पिस्तौल बरामद हुई। दोनों पिस्टल की मैग्जीन खाली थीं। पुलिस ने दोनों को अदालत में पेश किया, जहां से प्रशांत को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। मुख्य आरोपी देव को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। रिमांड के दौरान पुलिस यूपी के हथियार सप्लायर तक पहुंचने की कोशिश करेगी।
Source: Source