हरियाणा के हांसी के गांव चैनत में भाखड़ा पेयजल पाइपलाइन को लेकर हालात तनावपूर्ण हो गए हैं। ग्रामीण 17 दिनों से पाइपलाइन से पानी कनेक्शन की मांग कर रहे थे और धरने पर थे। सोमवार को प्रदर्शन उग्र हो गया और ग्रामीणों ने पाइपलाइन को उखाड़ने की चेतावनी दे दी। ग्रामीणों ने हांसी-बरवाला रोड जाम कर दिया है। प्रशासन ने भारी पुलिस बल तैनात कर दिया है। एसडीएम, डीएसपी और थाना प्रभारी मौके पर मौजूद हैं। ग्रामीणों ने पहले ही चेतावनी दी थी कि अगर 1 जून तक बिजली और पेयजल की मांगें नहीं मानी गईं तो वे पाइपलाइन उखाड़ देंगे। उनका कहना है कि जब तक स्थायी व्यवस्था नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा। ग्रामीणों का आरोप है कि उनकी मूलभूत समस्याओं की लंबे समय से अनदेखी की जा रही है। फिलहाल, प्रशासन और ग्रामीणों के बीच बातचीत के प्रयास जारी हैं।
Source: Source