कैथल में इंडियन नेशनल लोकदल ने पेट्रोल-डीजल, गैस और लगातार बढ़ती महंगाई के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ता जवाहर पार्क से निकले और पिहोवा चौक पर पहुंचकर मटके फोड़े। इसके बाद रोष मार्च लघु सचिवालय तक गया और सरकार को ज्ञापन सौंपा गया। प्रदेशाध्यक्ष रामपाल माजरा ने कहा कि रोजमर्रा की वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, लेकिन सरकार महंगाई पर अंकुश नहीं लगा रही। उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मंत्री सिर्फ फोटो खिंचवाने के लिए दो-दो लाख रुपये की साइकिलें खरीद रहे हैं, जबकि आम जनता पेट्रोल-डीजल नहीं खरीद पा रही। माजरा ने यह भी आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री के विदेश यात्रा न करने के संदेश के बावजूद मंत्रिमंडल लगातार विदेश दौरे कर रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर महंगाई नहीं रुकी तो इनेलो बड़ा आंदोलन शुरू करेगा।
Source: Source