छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन ने सरगुजा में नायब तहसीलदार के साथ कथित मारपीट की घटना पर कड़ा विरोध जताया है। संगठन ने कहा है कि यदि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो प्रदेशव्यापी आंदोलन किया जाएगा। फेडरेशन का कहना है कि सरकारी कर्मचारी शासन और जनता के बीच महत्वपूर्ण कड़ी का कार्य करते हैं। उनके साथ अभद्रता, धमकी या हिंसा जैसी घटनाएं प्रशासनिक व्यवस्था को प्रभावित करती हैं। मामला सरगुजा जिले के मैनपाट स्थित राजापुर उप तहसील का है। नायब तहसीलदार तुषार मानिक ने भाजपा विधायक रामकुमार टोप्पो और उनके समर्थकों पर मारपीट का आरोप लगाया है। अधिकारी का दावा है कि उनके साथ धक्का-मुक्की की गई और कपड़े भी फाड़ दिए गए। विवाद की शुरुआत जमीन से जुड़े एक आवेदन को लेकर हुई थी। विधायक की चचेरी बहन सीमा धनकी ने आरोप लगाया कि अधिकारी ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया था। इसके बाद विधायक अपने समर्थकों के साथ उप तहसील कार्यालय पहुंचे। तुषार मानिक का आरोप है कि वहां उनसे बहस हुई और बाद में उनके साथ मारपीट की गई। घटना के बाद दोनों पक्षों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। सरगुजा कलेक्टर ने कहा है कि मामले में कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। कर्मचारी संगठन ने अधिकारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। फेडरेशन ने निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ तत्काल कड़ी कार्रवाई की आवश्यकता पर जोर दिया है।
Source: Source