हिमाचल प्रदेश में आज सुबह 9 बजे से चार नगर निगमों, 251 जिला परिषद और 1684 पंचायत समिति सदस्यों के वोटों की गिनती शुरू होगी। नगर निगमों के परिणाम दोपहर 12 बजे तक आ सकते हैं। जिला परिषद और बीडीसी के नतीजे आने में अधिक समय लगेगा। गिनती राज्य के 91 विकास खंडों में संबंधित बीडीओ कार्यालयों में होगी। जिला परिषद विजेताओं की घोषणा डीसी करेंगे, जबकि बीडीसी के नतीजे एसडीएम घोषित करेंगे। चारों नगर निगमों सोलन, मंडी, पालमपुर और धर्मशाला पर सबकी नज़रें हैं। इन चुनावों को दिसंबर 2027 के विधानसभा चुनावों से पहले सेमीफाइनल माना जा रहा है। सत्तारूढ़ कांग्रेस और भाजपा के लिए ये परिणाम बेहद अहम हैं। नतीजे जनता के मूड का संकेत देंगे। हर जिला परिषद वार्ड में 15-20 टेबल और 35 कर्मचारी तैनात रहेंगे। बीडीसी सीटों के लिए तीन राउंड रखे गए हैं। मतगणना केंद्रों के 100 मीटर दायरे में आम लोगों की आवाजाही पर रोक रहेगी। शराब के ठेके बंद रहेंगे। हर केंद्र में सीसीटीवी निगरानी होगी, जिसकी रिकॉर्डिंग तीन महीने रखी जाएगी। मतपत्र 90 दिनों तक सील रखे जाएंगे।
Source: Source