पठानकोट के गांव जंडवाल से सैर पर निकले चार बच्चे लापता हो गए थे, जिससे परिजनों में हड़कंप मच गया। सभी बच्चों की उम्र करीब 13 से 14 वर्ष है, जिनमें तीन बगार गांव और एक जंडवाल गांव का रहने वाला है। बच्चे सुबह करीब पांच बजे घर से निकले थे, लेकिन काफी देर बाद भी वापस नहीं लौटे। अनहोनी की आशंका में परिजनों ने थाना मामून कैंट में शिकायत दर्ज कराई। थाना प्रभारी प्रीति ने तुरंत कार्रवाई करते हुए इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में बच्चे चक्की खड्ड की ओर जाते दिखे, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने चारों बच्चों को खड्ड में नहाते हुए सुरक्षित बरामद कर लिया। सभी बच्चों को उनके परिजनों को सौंप दिया गया, जिससे परिवारों ने राहत की सांस ली। थाना प्रभारी ने अभिभावकों से अपील की है कि छुट्टियों में बच्चों पर विशेष नजर रखें। पानी की गहराई का अंदाजा न होने से खड्डों और नहरों में बड़ा हादसा हो सकता है। अभिभावक बच्चों को ऐसी खतरनाक जगहों पर जाने से रोकें।
Source: Source