रोहतक की रहने वाली मान्या का चयन केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय की प्रतिष्ठित समर इंटर्नशिप के लिए किया गया है। वह वर्तमान में दादा लख्मी चंद स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ परफॉर्मिंग एंड विजुअल आर्ट्स (DLC SUPVA) में टेक्सटाइल डिजाइन के चौथे सेमेस्टर की छात्रा हैं। इस इंटर्नशिप के लिए चयन प्रक्रिया काफी कठिन थी, जिसमें रिज्यूमे स्क्रीनिंग, पोर्टफोलियो मूल्यांकन और इंटरव्यू शामिल थे। मान्या एक जून से अपना प्रशिक्षण शुरू करेंगी। इंटर्नशिप के दौरान वह ओडिशा की प्रसिद्ध पिपली कारीगरी पर विशेष रूप से काम करेंगी। उनका फोकस पारंपरिक हस्तशिल्प और आधुनिक डिजाइन के बीच संबंध को मजबूत करने पर रहेगा। वह ग्रामीण कारीगरों के विकास से जुड़े प्रोजेक्ट्स में भी योगदान देंगी। इसमें डिजाइन हस्तक्षेप, कौशल विनिमय, उत्पाद विकास और दस्तावेजीकरण जैसे कार्य शामिल होंगे। यह पहल राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और दीनदयाल अंत्योदय योजना के तहत ग्रामीण कारीगरों को सशक्त बनाने के उद्देश्य से चलाई जा रही है। उनके चयन को जिले के लिए गर्व का विषय माना जा रहा है।
Source: Source