बीजापुर जिले के उसूर विकासखंड में कलेक्टर विश्वदीप और जिला पंचायत सीईओ नम्रता चौबे ने दूरस्थ इलाकों का दौरा किया। उन्होंने पामेड़, गुण्डम और कोंडापल्ली सहित कई गांवों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने स्कूल भवन, स्थानीय बाजार, निर्माणाधीन अधोसंरचनाओं और धर्माराम शिविर स्थल का जायजा लिया। कोंडापल्ली स्कूल में उन्होंने बच्चों के लिए मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा की। कलेक्टर ने अधिकारियों से अगले सत्र से पहले बेहतर शैक्षणिक माहौल सुनिश्चित करने को कहा। स्थानीय बाजार में उन्होंने साफ-सफाई और व्यापारिक गतिविधियों का निरीक्षण किया। बाजार क्षेत्र को व्यवस्थित बनाने के निर्देश दिए गए। धर्माराम शिविर स्थल पर योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर दिया गया। इसके बाद दोनों अधिकारी कर्रेगुट्टा पहाड़ी पर गए और वहां की भौगोलिक स्थिति व विकास संभावनाओं का अवलोकन किया। कलेक्टर और सीईओ ने पहाड़ी के मैदान में सीआरपीएफ जवानों के साथ क्रिकेट खेलकर उनका उत्साह बढ़ाया। इस अवसर पर एसडीएम, जनपद सीईओ सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। क्षेत्रवासियों ने इस दौरे से विकास कार्यों को लेकर सकारात्मक उम्मीद जताई।
Source: Source