हिमाचल प्रदेश के सैनिक स्कूल सुजानपुर टीहरा के पूर्व छात्र आरिन रणौत ने भारतीय नौसेना में अधिकारी बनकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। 28 मई 2026 को केरल के इंडियन नेवल अकादमी एझिमाला में आयोजित पासिंग आउट परेड के बाद वह नौसेना की एग्जीक्यूटिव ब्रांच में शामिल हुए। आरिन ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा डीएवी स्कूल आलमपुर से प्राप्त की और छठी से बारहवीं तक सैनिक स्कूल सुजानपुर से पढ़ाई की। बचपन से ही देश सेवा के जज्बे वाले आरिन ने यूपीएससी एनडीए परीक्षा पास कर राष्ट्रीय रक्षा अकादमी में प्रवेश लिया। चार साल के कठोर प्रशिक्षण के बाद उन्होंने नौसेना अफसर बनने का सपना पूरा किया। प्रशिक्षण के दौरान उन्होंने ड्रिल और अकादमिक क्षेत्र में ‘फ्लैग कैडेट’ की उपलब्धि हासिल की और ‘टॉर्च’ सम्मान से भी नवाजे गए। आरिन के पिता सुरेश कुमार रणौत और माता हिमानी हिमाचल पुलिस में सेवारत हैं। स्थानीय लोगों और परिजनों ने इस उपलब्धि पर आरिन और उनके परिवार को बधाई दी है।
Source: Source