छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में तेंदूपत्ता गोदाम में आग लगने से बड़ा नुकसान हुआ है। सरगीपाल स्थित गोदाम में बुधवार शाम अचानक आग भड़क उठी। आग ने देखते ही देखते पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। घटना में करीब एक हजार बोरा तेंदूपत्ता जलकर राख हो गया। सूचना मिलते ही वन विभाग और दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं। काफी प्रयासों के बाद आग पर काबू पाया गया। बताया जा रहा है कि गोदाम में रखा तेंदूपत्ता सुकमा जिले का पुराना स्टॉक था। आग लगने के कारणों का अभी खुलासा नहीं हुआ है। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट और लापरवाही की आशंका जताई जा रही है। दूसरी ओर बीजापुर में हाल ही में हुए तेंदूपत्ता नुकसान मामले में सरकार ने सख्त कदम उठाए हैं। करीब 10 करोड़ रुपए के नुकसान के बाद बीजापुर डीएफओ रमेश कुमार जांगड़े को हटा दिया गया है। उनकी जगह सागर जाधव को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। सरकार ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए हैं। बीमा क्लेम के एंगल से भी जांच की जा रही है। लगातार हो रही आगजनी की घटनाओं ने वन विभाग की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Source: Source